देहरादून : उत्तराखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं में दायित्व के लिए होड़ मची है , इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश भाजपा में पार्टी संगठन के गठन और उसकी मज़बूती पर काम करेगी , और उसके बाद दायित्वों पर चर्चा होगी। इसलिए अभी कार्यकर्ताओं को इंतज़ार करना होगा।
आज भारतीय जनता पार्टी के देहरादून स्थित कार्यालय में महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरिद्वार में पंचायत चुनाव के होने के बाद पार्टी के संगठन की मज़बूती पर अब तेज़ी से कार्य किया जाएगा , क्योंकि भाजपा पहले संगठन पर ज़ोर देती है औरउसके बाद व्यक्ति विशेष पर। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा भी अभी बाद में ही होगी। उन्होंने संकेत दिए कि इस माह में ही संगठन के गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और उसके बाद दायित्वों बांटे जाएंगे।

