देहरादून : इस बार भगवान भोलेनाथ के सावन महीने में श्री टपकेश्वर महादेव की 21वीं शोभा यात्रा आगामी नौ अगस्त को निकाली जाएगी जिसमें हेलीकॉप्टर के माध्यम से शोभा यात्रा पर फूलों की वर्षा होगी। जिसे लेकर श्री टपकेश्वर महादेव सेवा दल की तैयारियां भी जोरो पर हैं।
कोरोना के चलते दो वर्षो से यात्रा नहीं हो सकी थी,लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण कुछ कम हुआ तो शिव भक्तों में भी नया जोश भर गया है। शोभायात्रा के दौरान शहर भर में करीब 200-300 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सेवादल की विभिन्न टीमें तैनात रहेंगी।
पलटन बाजार में स्थित जंगम शिवालय में प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत व सेवादल के संरक्षक कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि श्री टपकेश्वर महादेव की शोभा यात्रा को खूब भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां हो रही हैं। 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से तीन जगह सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक पर शोभायात्रा के ऊपर पुष्प वर्षा की जाएगी। इससे पहले साल 2011 में शोभा यात्रा पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हुई थी।

