तुर्की के कोयला खदान में विस्फोट,28 की मौत

तुर्की : तुर्की में शुक्रवार देर शाम एक कोयला खदान में विस्फोट होने से 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग अब भी फंसे हुए हैं। यह हादसा बार्टिन प्रांत के अमसारा शहर के एक कोयला खदान में हुआ है। बताते चले कि जब खदान में विस्फोट हुआ, तब वहां 100 से अधिक लोग काम कर रहे थे। हालांकि, फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने में अधिकारी जुटे हैं।
तुर्की के कई नेताओं ने इस हादसे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। देश के ऊर्जा मंत्री फातिह डोनमेज ने आशंका जाहिर की है कि खदान में हुए विस्फोट मिथेन गैस के कारण हो सकता है। उन्होंने एक बयान के जरिए कहा कि खदान में आग नहीं लगी है और वेंटिलेशन सिस्टम भी पहले की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया, इस कोयला खदान का जिम्मा तुर्की हार्ड कोल एंटरप्राइजेज को दिया गया है। इस हादसे पर तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए बताया कि हादसे में घायल करीब 17 लोगों का उपचार किया जा रहा है. वहीं, 40 से अधिक लोग अब भी खदान में फंसे हुए हैं।