छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 4 नक्सली ढेर

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। यहां 30-40 नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना के बाद एक सर्च ऑपरेशन चलाया गया जिसके बाद नक्सलियों ने अचानक से सुरक्षाबलों पर गोली चलना शुरू कर दिया और जवाबी कार्यवाही में सुरक्षाबलों ने 4 नक्सलियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी, कि घटना सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के मारजुम गांव की पहाड़ियों में हुई। अधिकारियों ने बताया कि सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सीमा से लगने वाले क्षेत्र में नक्सलियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों को एक सर्च ऑप्रेशन के लिए मारजुम गाँव की पहाड़ियों में भेजा गया।

पुलिस को क्षेत्र में कुछ नक्सली नेताओं समेत लगभग 40 की संख्या में नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों से सोमवार रात सुरक्षाबलों को भेजा गया था। सुरक्षा बल के जवान जैसे ही सुबह करीब 6.30 बजे मारजुम की पहाड़ी के करीब पहुंचे तभी घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलना शुरू कर दीं। लेकिन पूरी तैयारी से गए सुरक्षाबलों के जवानों नें भी मुस्तैदी दिखाई और जवाबी कार्यवाही में 4 नक्सलियों को मार गिराया। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने अभी तक एक नक्सली का शव भी बरामद कर लिया है, फिलहाल ताज़ा मिली जानकारी के मुताबिक़ पहाड़ी पर अभी भी नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ ज़ारी है।