पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के बाद पंजाब में ख़तरनाक आतंकी मॉड्यूल का खुलासा

चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के बाद अब पंजाब में एक आतंकवादी मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। इसी के साथ पंजाब पुलिस ने पठानकोट आर्मी कैंप पर हमला के मामले को भी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस की तरफ से ज़ारी किए एक बयान में कहा कि पठानकोट आर्मी कैंप पर जिन आतंकियों ने हमला किया था , उन्हें आईएसवाईएफ संगठन का समर्थन प्राप्त था , और इस संगठन के 6 आतंकियों को गिरफ़्तार किया है।

पुलिस ने बताया है कि इस संगठन के जिन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान अमनदीप , रमन कुमार, परमिंदर कुमार , राजिंदर सिंह , हरप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। और बताया जा रहा है कि ये सभी 6 सदस्य पंजाब के गुरदासपुर के निवासी हैं। पंजाब के डीजीपी वीके भावरा ने बताया है कि पुलिस ने इनके पास से 6 हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम की दो पिस्टल के अलावा मैगजीन भी बरामद हुई हैं। पंजाब पुलिस ने पत्रकारों को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने दो बार पठानकोट आर्मी कैम्प में हैंड ग्रेनेड से हमला किया था। पहला हमला 11 नवंबर 2021 को चक्की पुल के पास जबकि दूसरी बार 21 नवंबर को पठानकोट स्थित सेना के त्रिवेणी द्वार के बाहर हमला किया गया था।

वहीं अभी हाल ही में पंजाब के फ़िरोज़पुर में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था. .जिसमें एक फ्लाईओवर में पीएम को करीब 20 मिनट रुकना पड़ा था। इसके बाद बाद फिरोजपुर में ही बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी नाव को कब्ज़े में लिया है। बता दें कि इससे पहले भी कई बार पाकिस्तानी ड्रोनों ने इस सीमा में सेंध लगायी थी। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसी नावों में कई बार सीमा पार से ड्रग्स और हथियार भेजे जाते है।