कोरोना हुआ बेक़ाबू , रिकवरी दर से 3 गुना तेज़ है पॉजिटिविटी दर

नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण फिर से बेक़ाबू होता नज़र आ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा ज़ारी ताजा आंकड़ों के अनुसार , बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 1 लाख 94 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। वहीं कोरोना से 442 लोगों की मौत हुई है। लेकिन रिकवरी दर के अच्छे होने के कारण कोरोना संक्रमण से 60 हजार से ज्यादा मरीज़ ठीक भी हुए हैं।
आज तक के मामलों को जोड़ दिया जाये तो कोरोना के कुल मामले 3 करोड़ 60 लाख से ज़्यादा हो गए हैं। यह आंकड़ा फिर से डराने वाला है। वहीं, देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या भी तेज़ी से बढ़ी है। अभी देश में कोरोना के 9 लाख 55 हजार एक्टिव मामलें हैं।


कल की तुलना में आज 26,658 से ज़्यादा मामले सामने आए हैं। कल मंगलवार को कोरोना के 1,68,064 नए मामले सामने आए थे। वहीं आज बुधवार को कोरोना मरीज़ों की संख्या बढ़कर 1,94,722 हो गई है। पॉजिटिविटी दर भी अब 11.05 फीसदी हो गया है। वहीं, कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले भी देश में अब तेज़ी से बढ़ रहे हैं। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार देश में ओमीक्रॉन के मामले बढ़कर 4869 हो गए हैं।