मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि छह वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश में निवेश दूर की बात थी, लचर कानून व्यवस्था के चलते लोग यहां उद्योग लगाने, कारोबार करने में डरते थे। जब उद्यमी और व्यापारी ही सुरक्षित नहीं थे तब उनकी पूंजी कैसे सुरक्षित रहती। बाहर से निवेशकों का यहां आना तो दूर, यहां के उद्यमी-व्यापारी भी जा रहे थे अब छह सालों में यूपी की कानून व्यवस्था पूरे देश में सही है। हर निवेशक यूपी को पहली पसंद मानते हैं। फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिला 36 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव इसका प्रमाण है।
सीएम योगी आज शनिवार को गीडा सेक्टर 26 में मेसर्स केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड के 1200 करोड़ रुपये के निवेश वाले एथेनाल व ईएनए प्लांट का शिलान्यास करने पहुंचे जहां उन्होंने सम्बोधन में कहा कि छह साल पहले सपा-बसपा की सरकारों में यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था। यहां के नौजवानों को देश में कोई ठौर ठिकाना नहीं मिलता था। दूसरे राज्यों में लोग किराए पर मकान नहीं दे रहे थे।आज नौजवानों के सामने पहचान का कोई संकट नहीं। वह शान से खुद को यूपी वाला बताता है।आज के सम्बोधन में योगी बाबा ने ये भी कहा कि सहजनवा के जिस भीटी रावत में एथेनाल प्लांट लगने जा रहा है, 10 वर्ष पूर्व सपा सरकार बूचड़खाना लगाना चाहती थी। आंदोलन करके उसे रोका गया।

