चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कल आधिकारिक रूप से कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर पार्टी की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दिया है। इस्तीफ़ा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने अपनी नई पार्टी का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम पंजाब लोक कांग्रेस रखा है।
सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी में कैप्टन ने कहा है कि मेरे मना करने केबाद भी आपने एक ऐसे इंसान को पंजाब प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया, जिसने खुलेआम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख को गले लगाया था। उन्होंने कहा कि आपने पाकिस्तान से हमदर्दी रखने वाले नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब में कांग्रेस की कमान दी है। जिसका मैंने और पंजाब के कई सांसदों ने विरोध भी किया था, लेकिन आपने इसका कोई संज्ञान नहीं लिया। .कैप्टन ने अपनी चिट्ठी में अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया है , उन्होंने कहा है कि साल 2017 में पंजाब का सीएम बनने के बाद लोकसभा चुनाव में 13 में से 8 सीटें कांग्रेस ने जीती। मैं हमेशा पार्टी का एक वफादार कार्यकर्त्ता बना रहा , और अब मुझे इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस में इतना महत्त्व देने के लिए पार्टी को भविष्य खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।

