केंद्र सरकार के कर्मियों को ‘महंगाई भत्ता’ यानी डीए में तीन फीसदी वृद्धि होने का तोहफा मिलने वाला है। इसका फायदा 47 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को मिलने जा रहा है। आज होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस फैसले पर हरी झंडी दिखाई जानें की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो, कैबिनेट के एजेंडे में डीए की फाइल शामिल है। अगर तीन प्रतिशत वृद्धि होती है तो डीए 31 प्रतिशत से बढ़ाकर 34 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़े हुए डीए की दरें पहली जनवरी से लागू की जाएँगी।
आपको बतादें कि केंद्र सरकार द्वारा जब कभी मौजूदा कर्मियों के डीए में वृद्धि की जाती है तो उसी वक्त पेंशनधारकों के लिए महंगाई राहत ‘डीआर’ में भी बढ़ोतरी होती है। इससे पहले गत वर्ष केंद्रीय कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ते व महंगाई राहत में 3 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। सभी केंद्रीय कर्मियों को वह बढ़ोतरी जुलाई माह के वेतन में दी गई थी। उस वक्त सरकार ने एक और आदेश जारी किया था। उसमें कहा गया कि एक जनवरी 2020 से 30 जून 2021 तक ‘डीए’ फ्रीज था। उस अवधि के दौरान डीए की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।

