यूपी की खतौली विधानसभा सीट पर 5 नवंबर होंगे उपचुनाव

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा में 5 दिसम्बर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि नतीजे 8 दिसम्बर को आएंगे। चुनाव आयोग ने उपचुनाव को लेकर मंगलवार को तारीख की घोषणा की।
आयोग ने बताया कि विधायक विक्रम सिंह को विधायकी से अयोग्य घोषित किए जाने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। आयोग ने बताया कि 10 नवम्बर को अधिसूचना, 17 नवम्बर तक नामांकन, 18 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच, 21 नवम्बर तक नामांकन वापस ले सकते हैं। वहीं 5 दिसम्बर को मतदान होगा। इसके अलावा 8 दिसम्बर को मतगणना होगी। आयोग ने कहा कि इस विधानसभा सीट पर 10 दिसम्बर तक उपचुनाव सम्पन्न हो जाने चाहिए।
इससे पहले यूपी विधानसभा सचिवालय ने मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया था. प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने इसकी अधिसूचना जारी की थी।

दरअसल आजम खां को तीन वर्ष की सजा के बाद रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने हाल ही में खतौली सीट पर सवाल उठाए थे। उन्होंने खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी को मुजफ्फरनगर एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा दो वर्ष की सजा सुनाए जाने का हवाला देते हुए उनकी सदस्यता भी समाप्त करने की मांग की थी। नियमों के मुताबिक विधायक या सांसद को दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होने पर स्वत: सदन की सदस्यता समाप्त होने का प्रावधान है। इस आधार पर सैनी की सदस्यता सजा वाले दिन से समाप्त मानी गई थी। हालांकि विधानसभा सचिवालय ने इस पर न्याय विभाग से राय मांगी थी। इसके बाद इस सीट को रिक्त घोषित करने का निर्णय किया गया।