उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित जागेश्वर धाम में भारतीय जनता पार्टी के सांसद धर्मेंद्र कश्यप का कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए एक वीडियो वायरल होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। कांग्रेस इसे मुद्दा बनाने की कोशिश में है।
कार्रवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला से सांसद कश्यप के कथित गाली गलौज को मंदिर की मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए जागेश्वर धाम के स्थानीय लोग और क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल रविवार को मंदिर परिसर में उपवास पर बैठ गए।
कुंजवाल ने कहा कि सांसद ने धार्मिक स्थल पर अभद्र भाषा का उपयोग कर उसकी मर्यादा और गरिमा के विपरीत आचरण किया है जिसके लिए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्या है मामला
सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम पूजा-अर्चना के लिए जागेश्वर पहुंचे सांसद कश्यप का मंदिर प्रबंधन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया और इस दौरान नाराज सांसद ने कथित तौर पर गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग किया।

