तस्लीम अंसारी
भाजपा विधायक पर गम्भीर आरोप लगाकर ब्लैकमेल कर रुपए माँगने के आरोप में पुलिस ने एक भाजपा नेत्री सहित 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालापुर क्षेत्र से भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया की कुछ लोग उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने का भय दिखाकर एक कथित वीड़ियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहे हैं।
विधायक से हुए उक्त अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को तत्काल टीम गठित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतू आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रथम दृष्टया अपराध की पुष्टि होने पर साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया। गिरफ़्तार किए गए आरोपियों में रणवीर गौतम निवासी ग्राम बेलडा, रुड़की, सतीश दास निवासी ग्राम खरकड, नांगल, सहारनपुर, एच0डी0 गौतम निवासी भाटखेडी, नांगल, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, श्रीमती सुरेखा पत्नी विजेन्दर निवासी बेगमपुर, बहादराबाद, व विजेन्द्र निवासी बेगमपुर, बहादराबाद, शामिल हैं।
इस घटना पर पुलिस ने बयान जारी कर बताया की आरोपियों के ख़िलाफ़ तहरीर के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मु0अ0सं0 289/21 धारा 388, 120 बी व 34 भा0द0वि0 पंजीकृत किया गया है।

