हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति करती है भाजपा : प्रियंका गाँधी

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होना है। वही अब राजनैतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई हैं। आज बुलंदशहर में डोर टू डोर जनसंपर्क करने के लिए पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी के प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा। इसके साथ ही केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार हिंदू और मुस्लिम करके जनता को बांटने का काम कर रही है। प्रचार में धर्म की राजनीति की जा रही है।

बुलंदशहर पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा कि आज मौजूदा मुद्दों पर खामोशी बरती जा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता को हिंदू-मुसलमान के नाम पर बांटा जा रहा है। जबकि, जनता के जरूरी मुद्दों पर चुप्पी साध ली गई है. देश और उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान है। जनता को महंगाई ने हर तरह से परेशान कर रखा है। बेरोजगारी बेकाबू हो चुकी है. पिछले 50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। लेकिन, सरकार के पास बेरोजगारी दूर करने का कोई प्लान नहीं है. सिर्फ धर्म की राजनीति हो रही है।वहीं प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी मामले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल भी उठाए। प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों पर खुलेआम गाड़ी चढ़ा दी जाती है। इस मामले में मुख्य आरोपी के पिता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी को ज़रा भी फ़र्क नहीं पड़ा।और वे अभी तक अपने पद पर बने हुए हैं।