नई दिल्ली : भाजपा ने आज अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। इस नई कार्यकारिणी में झारखंड के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों शामिल किया गया है,और इसके साथ ही केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से हटाकर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है।भाजपा की इस नई समिति में झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके साथ ही एक अन्य पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा को भी कार्यकारिणी में जगह दी गयी है। वहीं, प्रदेश भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है।
भाजपा की नई कार्यकारिणी में झारखंड से ही राज्यसभा सदस्य समीर उरांव को एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर रखा गया है। वहीं, भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है। इनके साथ ही नागेंद्र सिंह को बिहार और झारखंड का संगठन मंत्री और धर्मपाल को झारखंड प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेवारी दी गई है।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि , भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 80 सदस्यों का चयन किया गया है। इनके साथ ही 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी होंगे। इनमे मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन को शामिल किया गया है।
भाजपा ने नई कार्यकारिणी समिति की घोषणा की , झारखण्ड के 3 पूर्व सीएम समिति में शामिल

