उत्तराखंड के 4 जिलों पर ख़तरा,आ सकता है एवलांच

देहरादून/चंडीगढ़ : उत्तराखंड में जोशीमठ भू-धंसाव के बाद एक बार फिर से खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। आशंका है कि अगले 24 घंटे के अंदर हिमस्खलन आ सकता है. यह खतरा चमोली, पिथौरागढ़, रुद्र प्रयाग और उत्तर काशी जिले में देखने को मिल सकता है। इस संबंध में डीजीआरई चंडीगढ़ ने अलर्ट जारी किया है। इसके बाद उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक डीजीआरई के अलर्ट में कहा गया है कि चारों जिलों में 3000 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में हिमस्खलन हो सकता है ।
आपदा प्रबंधन विभाग और मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस बार फरवरी महीने में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में सिर्फ तीन दिन बारिश होने की उम्मीद है। बाकी पूरे महीने राज्य के अधिकांश हिस्सों में मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। इसी प्रकार अगले चौबीस घंटे के अंदर राज्य में कहीं भी बारिश के संकेत नहीं है। वहीं मैदानी इलाकों में कोहरा छाया रह सकता है।