मंदिरों का शहर जम्मू बाबा बर्फानी के रंग में रंगा दिखा। आज शुक्रवार को तड़के बम भोले के जयघोष के साथ पहला जत्था कश्मीर घाटी के लिए रवाना किया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पहले जत्थे में कुल 4603 तीर्थयात्री जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुए। तीर्थयात्री बालटाल और पहलगाम आधार शिविर जाएंगे और कल शनिवार सुबह तड़के पवित्र गुफा की तरफ यात्रा आरंभ शुरू करेंगे। इस बार यात्रा 52 दिन तक चलेगी। यात्रा 29 जून से शुरू होने जा रही है। 19 अगस्त तक बाबा बर्फानी के भक्त उनके दर्शन कर सकेंगे। अमरनाथ यात्रा तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने से पहले एलजी मनोज सिन्हा ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और भगवती नगर में अलौकिक नजारा देखने को मिला। देशभर से पहुंचे श्रद्धालु बाबा भोले के जयघोष लगा रहे थे। कोई बाबा के भजन गा रहा था तो कई उन भजनों पर झूमता हुआ नजर आ रहा था। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाने वाले पहले में शामिल शर्धालुओं की ख़ुशी थी उन्होंने खुद को बेहद भाग्यशाली बताया। वह इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और आखिर आज यह दिन आ ही गया। भगवान भोले ने उन्हें पहले जत्थे में शामिल होने का मौका दिया, इसलिए बेहद खुश हैं। दक्षिण कश्मीर हिमालय में लगभग 13,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा के लिए दो मार्गों से यात्रा पूरी की जाती है। एक मार्ग बालटाल आधार शिविर से शुरू होता है तो दूसरा पहलगाम आधार शिविर से। 4603 श्रद्धालुओं में 3631 पुरुष, 711 महिलाएं, 252 साधु और नौ बच्चे शामिल हैं। वे 231 वाहनों के काफिले में सवार थे। पिछले साल 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। 4603 तीर्थयात्री
बाबा बर्फानी अमरनाथ के लिए पहला जत्था रवाना, 4603 तीर्थयात्री शामिल
