भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आकस्मिक मौत से सभी हैरान हैं। प्रकरण में सारनाथ थाने की पुलिस ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ ही अन्य और धाराओं का मुकदमा भी दायर किया है। मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
आकांक्षा की मां मधु ने बयान में कहा कि मेरी बेटी बहुत साहसी थी। वो आत्महत्या कर ही नहीं सकती। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। आकांक्षा दुबे की मां और भाई सोमवार सुबह थाने पहुंचे। पिता छोटेलाल दुबे अभी ट्रेन में हैं। मधु ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे मोबाइल से आकांक्षा से बात हुई थी। तब वो खुश थी। 12 बजे रात में फोन किया था तो उसने फोन नहीं उठाया था। किसी पार्टी में जाने की बात भी नहीं बताई थी।

