रॉयल एनफील्ड बाइक की बाज़ारों में बढ़ी बिक्री

नई दिल्ली : मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड की बाइक्स बिक्री में पिछले महीने वृद्धि हुई है। कंपनी ने मार्च 2022 की बिक्री के आंकड़ों को जारी कर दिया है. रॉयल एनफील्ड बाइक को लेकर बाइक लवर्स का क्रेज अक्सर देखने को मिलता रहा है। अपनी स्टाइलिश लुक से ये बाइक्स सुर्खियां बटोरती हैं।
मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड ने कहा कि मार्च महीने में उसकी कुल बिक्री 2.45 फीसदी बढ़कर 67,677 इकाई हो गई. कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि पिछले वर्ष इसी महीने में उसने 66,060 वाहनों की बिक्री की थी। रॉयल एनफील्ड ने मार्च 2022 में घरेलू बाजार में 58,477 वाहनों की बिक्री की, जो मार्च 2021 की 60,173 वाहनों की घरेलू बिक्री की तुलना में तीन फीसदी कम है।कंपनी ने कहा कि पिछले महीने उसका निर्यात 56 फीसदी बढ़कर 9,200 इकाई हो गया जो एक वर्ष पहले 5,885 इकाई रहा था। रॉयल एनफील्ड ने अपने बयान में भारत से बाहर देश के पहले प्रीमियम वैश्विक उपभोक्ता ब्रांड बनने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वह आगे कई नये वाहन उतारने की तैयारी में है।