केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में आज कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज चंडीगढ़ में अत्याधुनिक एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। अमित शाह ने वाणिज्य महाविद्यालय के छात्रावास प्रखंड, पुलिस कर्मियों के लिए 240 आवास निर्माण परियोजना और एक बस डिपो-सह-कार्यशाला की भी आधारशिला रखी. इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित भी मौजूद थे।केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें चंडीगढ़ आवास बोर्ड का एक नया कार्यालय भवन, दो सरकारी स्कूल और एक पार्क शामिल हैं. इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि चंडीगढ़ देश के सबसे ज्यादा विकसित शहरों में एक है .

इस इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के बाद केंद्रशासित प्रदेश में सिटिजन सर्विसेज, सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की बेहतर निगरानी की जा सकेगी।बता दें कि इस परियोजना के तहत यातायात उल्लंघन पर नजर रखने के लिए चंडीगढ़ में 2,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। आईसीसीसी को सेवाओं और डेटा विश्लेषण की प्रभावी निगरानी के लिए पानी, बिजली, सीवेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन, ई-गवर्नेंस, पार्किंग और सार्वजनिक-बाइक साझाकरण सहित प्रमुख नागरिक सेवाओं के साथ एकीकृत किया गया है।