Covid-19: चिंताजनक है वैक्सिनेशन की घटती रफ़्तार

21 जून को सभी के लिए फ्री कोविड-टीकाकरण का नया चैप्टर शुरू किया गया था तो उस दिन का आंकड़ा 90 लाख के करीब था, लेकिन उसके बाद से प्रतिदिन टीकाकरण का आंकड़ा लगातार गिरता जा रहा है।

कोविन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 21-27 जून वाले हफ्ते में प्रत्येक दिन कोविड रोधी टीके की औसतन 61.14 लाख खुराकें दी गईं, जबकि 28 जून से 4 जुलाई के बीच यह आंकड़ा कम होकर प्रतिदिन 41.92 लाख खुराक रह गया।

इसके बाद, 5 से 11 जुलाई वाले हफ्ते में प्रतिदिन लगाई गई टीके की खुराकों की औसत संख्या और कम होकर 34.32 लाख रह गई। गौरतलब है कि 14-20 जून वाले हफ्ते में दैनिक औसत टीकाकरण 33.97 लाख था।

राज्यों में मिले-जुले संकेत
हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ में 21-27 जून वाले हफ्ते से औसत दैनिक टीकाकरण में गिरावट देखी गई जबकि केरल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, दादरा नागर हवेली और जम्मू-कश्मीर में दैनिक कोविड-19 टीकाकरण में निरंतरता देखी गई है।

असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में, जहां कोरोना वायरस के नए मामलों में वृद्धि देखी जा रही है वहां दैनिक औसत टीकाकरण में गिरावट देखी जा सकती है। इस गिरावट के बावजूद, कोविड रोधी टीकाकरण के इससे पहले के चरण के मुकाबले यहां अब दैनिक औसत टीकाकरण अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *