हमारी सरकार बनने पर 1 लाख युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : चरणजीत सिंह चन्नी

चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आज कहा कि अगर पंजाब में दोबारा हमारी सरकार बनती है तो प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार महंगाई और गरीबी के खिलाफ लोगों की सहायता करने के लिए हमेशा तत्पर है। पत्रकारों से एक वार्ता के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती है तो राज्य के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी. इससे पहले मुख्यमंत्री चन्नी ने पंजाब के लोगों से वादा किया था कि राज्य के गरीबों को एक साल में एलपीजी के 8 सिलेंडर फ्री में दिए जाएंगे. और उन्हें हर महीने 1100 रुपये नकदी प्रदान किए जाएंगे।

बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव होना हैं। पहले यहां पर आज 14 फरवरी को ही मतदान होने थे, लेकिन 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती होने की वजह से निर्वाचन आयोग ने राजनैतिक पार्टियों की मांग पर मतदान की तारीख को चार दिन आगे बढ़ाकर 20 फरवरी कर दिया है। पंजाब के 117 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस ने वर्ष 2017 के चुनाव में 77 सीटों पर जीत हासिल करके करीब 10 साल बाद सत्ता में वापस लौटी थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में करीब साढ़े चार साल तक पंजाब में शासन करने के बाद आंतरिक कलह की वजह से कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री को बदल दिया. कांग्रेस आलाकमान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाकर दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम पद पर बैठाया।