सपा विधायक रफ़ीक़ अंसारी ने दिया भड़काऊ भाषण,एफआईआर दर्ज़

मेरठ : यूपी के मेरठ से सपा विधायक और शहर सीट से पार्टी के उम्मीदवार रफीक अंसारी के वायरल वीडियो को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस वायरल वीडियो के बाद मेरठ के समाजवादी पार्टी विधायक रफीक अंसारी पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दर्ज़ एफआईआर में रफीक अंसारी पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया गया है।फिलहाल पुलिस इस वीडियो के आधार पर पूरे मामलें की जांच में जुट गई है । मेरठ के सपा विधायक और शहर सीट से पार्टी उम्मीदवार रफीक अंसारी का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में रफीक अंसारी सभा को संबोधित कर रहे थे।

वीडियो में रफीक अंसारी कह रहे थे कि इस सरकार ने पिछले पांच सालों में पूरी हिंदूगर्दी मचा रखी है। मेरठ का मुसलमान कभी किसी से डरा नहीं है। इस सरकार ने पांच सालों से मुसलमानों को दबाने का ही काम किया। और अब मुसलमान नहीं दबेगा। रफीक अंसारी का भीड़ को संबोधित करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। रफीक अंसारी के पहले सपा के दक्षिण सीट से प्रत्याशी आदिल चौधरी का वाडियो भी वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में आदिल चौधरी कहते सुने गए थे कि हमारी सरकार बन रही है। हमारी सरकार बनने के बाद मुसलमानों के दुश्मनों से चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा ।