गंगोत्री से कांग्रेस प्रत्याशी विजयपाल सजवाण के समर्थन में बोले हरीश रावत,जनता से समर्थन की लगाई गुहार

उत्तरकाशी : उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने गंगोत्री की जनता से वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि आप लोग कांग्रेस की सरकार बनवाएं और कोंग्रेस की सरकार बनते ही हम पहले ही साल में 28 हजार नौकरियां देंगे। यही नहीं घर में रहकर खेतों की देखभाल करने वाले 40 वर्ष से उपर के सभी लोगों को कूड़ी-बाड़ी पेंशन योजना के तहत पेंशन भी देंगे।हरीश रावत नें यहां से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण को विजयी बनाने की अपील भी की।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने वर्चुअल संवाद के दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण की ख़ूब तारीफ की। उन्होनें कहा कि कुछ ऐसे लोग गंगोत्री की धरती ने दिए हैं जिनको हम उत्तराखंड के नेता के रूप में देखते हैं, विजयपाल सजवाण उन्ही में से एक हैं और उनमें उत्तराखंड का नेतृत्व करने की क्षमता है।

हरीश रावत ने कहा कि सरकार आने पर तीन नई पेंशन योजना भी शुरू की जाएंगी। इसमें मंगल गीत गाने वाली बहनों, सड़क पर पुलिया बनाने वालों व आपदा के दौरान भवन निर्माण करने वालों को पेंशन दी जाएगी। रावत ने पूर्व में किए अपनी सरकार के काम भी गिनाए,और कहा कि हमारी सरकार ने तीन सालों में 32 हजार युवाओं को नौकरी दी, सरकार आने पर हम पुलिस विभाग में 3 हजार पदों पर भर्ती करेंगे। इसके साथ ही हम सार्वभौम महिला योजना भी शुरू करेंगे। और पैरामिलिट्री केरिटायर्ड जवानों के लिए अलग से एक कल्याण परिषद का गठन किया जाएगा।