नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क की तर्ज पर अब प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों की स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क रैंकिंग होगी। बीते दिन सोमवार को दून विवि में आयोजित कुलपतियों के गोलमेज सम्मेलन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसका पोर्टल लॉन्च किया है।
उन्होंने कहा, 100 विज्ञान शिक्षकों को आईआईएससी बंगलूरू, प्राचार्यों को नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए आईआईएम और टॉपर 100 छात्रों को भारत भ्रमण के लिए भेजा जाएगा। दून विवि के नित्यानंद शोध सभागार कक्ष में आयोजित किए गए सम्मेलन में मिजोरम विवि के पूर्व कुलपति व नैक के पूर्व निदेशक प्रो. एएन राय ने कहा, हमें संस्थान के प्रमुख विषयों व समस्याओं को पहचान कर उनका समाधान करना होगा।यूनेस्को एमजीआईईपी के चेयरमैन प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने बताया कि उच्च शिक्षा में भारतीय ज्ञान को समाहित करते हुए उद्यमिता कौशल को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों के संवेदीकरण सहित पाठ्यक्रम में सुधार पर बल दिया।

