तस्लीम अंसारी की रिपोर्ट
कनखल थाना क्षेत्र में बीते 13 सितंबर को 22 लाख की लूट Haridwar crime को अंजाम देने के बाद कोटद्वार में डकैती को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
आरोपियों ने कनखल की लूट को अंजाम देने की बात भी कबूल की है। पौड़ी गढ़वाल की एसएसपी पी रेणुका देवी ने कोटद्वार में मामले का खुलासा किया है।
13 सितंबर को हरिद्वार के कनखल में शराब कारोबारी को गोली मारकर 22 लाख रुपए लूट कर आरोपी फरार हो गए थे। जिसके बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे।
इसके साथ ही 25 दिसंबर को कोटद्वार में व्यापारी प्रमोद कुमार पुत्र स्वर्गीय राम फूल सिंह निवासी सीताबपुर कोटद्वार के घर पर बदमाशों ने बंधक बनाकर तमंचे व चाकू के बल पर डकैती को अंजाम दिया था।
इस मामले में डीआईजी गढ़वाल रेंज ने मामले के खुलासा करने के लिए टीम का गठन किया था। यह टीम लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगी हुई थी।
तीन जनवरी की देर रात को पुलिस टीम ने पांच पेशेवर अपराधियों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चरथावल मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
आरोपियों ने पूछताछ में कनखल क्षेत्र में 22 लाख की लूट की घटना Haridwar crime को अंजाम देना भी स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार उर्फ छोटा पुत्र जयवीर निवासी बरवाला, मुज्जफरनगर, कपिल उर्फ रावण पुत्र निर्दोष सिंह निवासी नियामु, मुज्जफरनगर, संदीप कुमार उर्फ पिन्टू पुत्र देशवीर सिंह, शामली मुजफ्फरनगर, संजीव कुमार उर्फ सोनू पुत्र रामचन्द्र निवासी सहारनपुर, धीरज पुत्र जयपाल सिंह निवासी, मुज्जफरनगर शामिल हैं।
जबकि अंकित पुण्डीर पुत्र प्रदीप निवासी बिरालसी थाना चरथावल मुज्जफरनगर, प्रवीण प्रजापति पुत्र चन्द्रपाल निवासी पिन्ना थाना नगर मुजफ्फरनगर फरार हैं।
आरोपियों से यह हुआ बरामद
आरोपियों के पास से करीब 4 लाख की ज्वैलरी, 2,60,000 रुपये नकद तथा कोटद्वार डकैती की घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल (2 स्पेलेन्डर, 1 अपाचे) बरामद हुई है।
जबकि घटना में इस्तेमाल 2 चाकू, 3 तमंचे व 8 जिन्दा कारतूस बरामद हुआ।

