उत्तराखंड में बारिश ने बरपाया क़हर , 34 लोगों की हुई मौत

देहरादून : उत्तराखंड राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश कहर बरपा रही है। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में बारिश होने से आज 30 और लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग अभी भी लापता है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ने मृतकों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। और जिन लोगों के घर टूट गये हैं, उन्हें एक लाख रुपये दिये जाएंगे। कई भूस्खलनों के कारण नैनीताल तक जाने वाली सड़कों के कई जगह से अवरुद्ध होने से फिलहाल नैनीताल का संपर्क राज्य के अन्य हिस्सों से टूट गया है।

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में पत्रकारों को बताया कि आज बारिश से संबंधित घटनाओं में 29 लोगों की मौत हुई है , जबकि बादल फटने और भूस्खलनों के बाद कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में बारिश से मरने वाले लोगों की संख्या 34 हो गई है। कल पांच लागों की मौत हुई थी।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सेना के तीन हेलीकॉप्टर राज्य में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यो में मदद करने के लिए जल्द पहुँचने वाले है। अलग-अलग स्थानों पर फंसे लोगों को बचाने के लिए दो हेलीकॉप्टरों को नैनीताल और एक को गढ़वाल क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से अपील की है कि वे घबरायें नहीं। जो भी जरूरी कदम उठाने की जरूरत है, सरकार उठायेगी.