मुंबई : मुंबई के कुर्ला स्थित नेहरू नगर इलाके में सुबह भीषण आग लगी है। आग अचानक इतनी तेज़ी से फैली कि पार्किंग में खड़ी क़रीब 20 से ज्यादा मोटरसाइकिल और 2 कार जलकर ख़ाक हो गई। यह गाड़ियां नेहरू नगर स्थित एक रिहायशी कॉलोनी की पार्किंग में खड़ी थी। चश्मदीदों के मुताबिक़ उन्होंने बस पार्किंग से उठती हुई आग की लपटें देखीं और फिर उन्होंने अन्य लोगों को इसके बारें में बताया। उन्ही लोगों में से कुछ ने आग लगने की जानकारी फायर स्टेशन को दी , और जैसे ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और भड़की आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि इसने 20 मोटरसाइकिल को तुरंत अपनी चपेट में ले लिया। आग किस वजह से लगी इन कारणों का अभीतक पता नहीं लग पाया है। मिली जानकारी के अनुसार अभीतक इस आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन अन्य नुकसान काफी हुआ है।
इस इलाके में रहने वाले लोगों ने कहा कि हो सकता है कि किसी ने सिगरेट पी कर फेंक दी होगी , जिसकी वजह से यह आग लग गई है , आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता लगाया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू पाने के लिए 16 फायर ब्रिग्रेड की गाड़ियों को मशक्कत करनी पड़ी। और सीसीटीवी के द्वारा इतनी गाड़ियों के जलने की जांच हो रही है। वहीं आग लगने की एक दूसरी घटना की भी ख़बर मिली है , यह आग मुंबई -पुणे एक्सप्रेस-वे पर लगी है। इस घटना में एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। हाई वे पर एक मिनी बस मुंबई से पुणे की ओर जा रही थी जिसमे अचानक आग लग गई। बस में अचानक आग लगने के कारण बस के केबिन में बैठा ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया और वही झुलस जाने की वजह से उसकी मौत हो गई।

