15,800 फुट की ऊंचाई पर चीन सीमा से सटे ज्योलिंगकांग यानी आदि कैलाश में बीते दिन मंगलवार को पहली बार मोबाइल की घंटी बजी। पर्यटक और ग्रामीण काफी उत्साहित नज़र आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 और 12 अक्तूबर को प्रस्तावित पिथौरागढ़ जिले के दौरे की वजह से बीएसएनएल ने यहां छोटा टॉवर लगाया है और अस्थायी सेवा शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री का 11 अक्तूबर को चौदास घाटी के नारायण आश्रम और अगले दिन आदि कैलाश, ओम पर्वत का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ज्योलिंगकांग क्षेत्र में अब तक संचार की कोई भी फैसिलिटी नहीं है। 35 किमी दूर गूंजी में नेपाल का सिम काम करता है। अधिकारी यहां सैटेलाइट फोन से संचार करते हैं।
थ्री जी सेवा भी चालू होने जा रही है। टॉवर लगाने के लिए जगह भी देख ली गई है। जल्द ही इसका कार्य शुरू होगा। नारायण आश्रम में भी टू जी और थ्री जी सेवा शुरू की है। संचार सेवा से आदि कैलाश दर्शन को आने वाले पर्यटकों के साथ ही स्थानीय ग्रामीण और सीमा की सुरक्षा में लगे एजेंसियों को काफी लाभ मिलेगा।

