मेरठ : आपस में भिड़े एआईएमआईएम और भाजपा के पार्षद

मेरठ: यूपी में हाल ही में नगर निगम चुनाव संपन्न हुआ है। वहीं मेरठ में महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है। मारपीट की ये घटना एआईएमआईएम और भाजपा के पार्षदों के बीच हुई है। बता दें कि ये मारपीट वंदे मातरम गीत को लेकर हुई है। आरोप है कि एआईएमआईएम के पार्षद और वंदे मातरम गीत के दौरान खड़े नहीं हुए.शपथ ग्रहण समारोह मेरठ के सीसीएस यूनिवर्सिटी में चल रहा था।
हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हंगामे की सूचना पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। दोनों पार्टियों के नेताओं को काफी समझाने का प्रयास किया.लेकिन, वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। बीजेपी पार्षद बार-बार यही कह रहे थे कि इन्होंने वंदे मातरम नहीं गाकर अपमान किया है। जब मारपीट ज्यादा बढ़ गई तो अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। बता दें कि चुनाव में जीत के बाद मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशी शपथ ग्रहण करने के लिए विश्विद्यालय के नेताजी सुभाषचंद बोस प्रेक्षागृह पहुंचे थे। इस दौरान शपथ दिलाने के लिए मेरठ कमिश्नर जे सेल्वा कुमारी मंच पर मौजूद थीं। जिलाधिकारी और एसपी ट्रैफिक सीओ भी मौके पर मौजूद थे। आईएमआईएम के सदस्यों ने कहा कि वह वंदे मातरम नहीं गाएंगे। वह हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाएंगे ,राष्ट्र गान जन गण मन भी गाएंगे। लेकिन वंदे मातरम गीत किसी भी हाल में नहीं गाएंगे।