महाराष्ट्र : प्रदेश में 535 महिलाओं के ग़ायब होने की क्या है वज़ह ? पढ़िए ख़बर

पुणे : महाराष्ट्र से साल 2022 में 535 महिलाएं रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। कयास लगाए जा रहे है कि इसके पीछे मानव तस्करी या लव ज़िहाद का कारण सकता है। महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने इस मुद्दे की वजह भी बताई है। पिछले कुछ समय से इस तरह से महिलाओं के गायब होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इस पर पत्रकारों ने जब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर से सवाल किया तो उन्होंने इसका विस्तार से जवाब दिया।
जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह लव जिहाद का मामला है? इस पर रुपाली चाकणकर ने कहा कि यह लव जिहाद का मामला नहीं लगता। लॉकडाउन के समय में पिता या भाई जैसे घर के पुरुष सदस्यों की मृत्यु की वजह से इन्हें भयंकर आर्थिक तंगियों से होकर गुजरना पड़ा। इस वजह से कई महिलाओं को घर से बाहर कदम रखना पड़ा। कुछ एजेंटों ने उन्हें नौकरियों का लालच दिया। महिलाएं उनके चंगुल में फंस गईं। रुपाली चाकणकर ने कहा कि लव जिहाद नहीं बल्कि मानव तस्करी के जाल में इन महिलाओं को फंसाया गया। इन्हें खाड़ी के देशों में ले जाकर एजेंटों ने मोबाइल और कागजात जमा करवा लिए इस वजह से ये महिलाएं देश से बाहर एक अनजाने देश में बिलकुल असहाय हो गईं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि पुणे की घटना के बाद मैंने पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त से ऐसी घटनाओं को लेकर जानकारियां मांगी। तब जाकर पता लगा कि साल 2022 में 535 महिलाएं लापता हुई हैं।