यूपी के कौशांबी में कांग्रेस पर भड़के अमित शाह

कौशांबी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल जी आप लोकतंत्र की चिंता छोड़िए आपका परिवार खतरे में है। उन्होंने कौशांबी की जनता से संवाद करते हुए कहा कि इस बार बीजेपी 300 के पार सीटें लेकर आ रही है। गृहमंत्री शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कौशांबी स्थित कड़ा धाम में कौशांबी महोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
गृहमंत्री के कौशांबी पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्या ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गृहमंत्री कड़ा धाम में माता शीतला के दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। यहां से निकलने के बाद उन्होंने तीन दिवसीय कौशांबी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संवाद की शैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की बात कही। गृह मंत्री अमित शाह ने इस मौके पर उत्तर प्रदेश की 600 करोड़ से अधिक लागत वाली 117 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये प्रोजेक्ट कौशांबी के विकास की नई दिशा तय करेंगे। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेसियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि ‘मैदान तुम तय कर लो, देश में कहीं भी बीजेपी के कार्यकर्ता दो-दो हाथ करने को तैयार हैं।