आईपीएल क्रिकेट में सट्टा लगाते दो व्यक्तियों को हरिद्वार पुलिस ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। उनके पास से नकदी व कई सिम भी बरामद किए गए हैं।
विदित है कि एसएसपी के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस इन दिनों आईपीएल में सट्टा लगाने वाले बुकी व सटोरियों की धरपकड़ कर रही है। विगत दिनों भी जिले में कई जगहों से सटोरिए पकड़े गए थे, जिनके तार पड़ोसी राज्यों से भी जुड़े पाए गए थे। जनपद पुलिस द्वारा इस अपराध की रोकथाम के लिए कई टीमों का गठन भी किया गया था। एसपी देहात व सीओ के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलोर के नेतृत्व में इलाके की सभी ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई करने के लिए एक टीम बनाई गई थी।
मंगलोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगनहर पटरी स्थित टेकवुड कॉलेज के पास दो व्यक्ति कार में बैठकर आईपीएल मैच देख रहे हैं तथा सट्टा लगा रहे हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को सट्टा लगाते रंगेहाथ पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से 209350 रुपये नकद, एक ब्रेजा कार, 3 मोबाइल फोन, 5 नए सिम कार्ड तथा एक एटीएम कार्ड बरामद किया है।
इस संबंध में मानक चौक मंगलोर निवासी राजन शर्मा उर्फ सन्नी पुत्र राजकुमार तथा रजत शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा के विरुद्ध 13 गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

