नई दिल्ली: इस साल ऑटो एक्सपो मोटर शो -2023 का आयोजन लंबे समय के बाद होने जा रहा है। ऑटो एक्सपो इस बार तीन साल के बाद होगा। पिछले 3 साल से कोरोना के कारण इसका आयोजन नहीं हो पा रहा था। बता दें कि इस बार ऑटो एक्सपो में 15 देशों की 800 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा लेंगी। इस बार चीन की कोई भी कंपनी एक्सपो में हिस्सा नहीं ले रही है। अगले हफ्ते से शुरू होने वाले ऑटो एक्सपो की तैयारियां काफी तेजी से चल रही हैं। इस बार ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक वाहनों पर फोकस ज्यादा रहने वाला है। इस बार मारुति सुजुकी और हुंडई अपने नये इलेक्ट्रिक मॉडल्स को पेश करने का ऐलान पहले ही कर चुकी हैं। इस बार इसकी थीम टेक्नोवेशन – फ्यूचर टेक्नोलॉजीज एंड इनोवेशन’ है। बता दें कि ऑटो एक्सपो के कंपोनेंट्स शो का आयोजन ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ,भारतीय उद्योग परिसंघ मिलकर करेंगी। इस बार भी ऑटो एक्सपो दो स्थानों पर होगा। इसमें नई दिल्ली में ऑटो एक्सपो 2023 कंपोनेंट्स और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में ऑटो एक्सपो का आयोजन होगा।
तीन साल बाद होगा ऑटो एक्सपो,जानिए इस बार क्या है थीम ?

