लंभुआ(यूपी) : केंद्रीय शहरी एवं आवास राज्यमंत्री कौशल किशोर ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों और बहनों की शादी शराबियों से न कराएं। उन्होंने कहा कि,एक रिक्शा चालक या एक मजदूर एक शराबी अधिकारी की तुलना में एक बेहतर दुल्हा साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने यूपी के लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान के तहत एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक शराबी की उम्र बहुत कम होती है।
कौशल किशोर ने अपने बेटे का जिक्र करते हुए कहा कि जब मैं एक सांसद के रूप में और मेरी पत्नी एक विधायक के रूप में हमारे बेटे की जान नहीं बचा सके, तो आम जनता ऐसा कैसे कर पाएगी। कौशल किशोर ने अपने परिवार के साथ हुई त्रासदी को याद करते हुए कहा कि मेरा बेटा अपने दोस्तों के साथ शराब पीने का आदी था। उन्होंने आगे कहा कि, “उसे एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। ये मानते हुए कि वह बुरी आदत छोड़ देगा, छह महीने बाद उसकी शादी कर दी गई। हालांकि, उसने अपनी शादी के बाद फिर से शराब पीना शुरू कर दिया और आखिरकार उसकी मौत हो गई। इसीलिए उन्होंने लोगों से इस बुरी आदत से दूर रहने की अपील की साथ ही कहा कि अपनी बेटियों और बहनों को इससे बचाएं।

