देहरादून : आज गुरूवार को प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ कोरोना को लेकर बैठक की, इस बैठक में उत्तराखंड में कोरोना रोकथाम को लेकर बातचीत हुई और सीएम धामी ने कहा कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य में बूस्टर डोज लगाने के लिए अभियान की शुरुआत की जाए ताकि इससे पहले ही बचाव किया जा सके। इस निर्देश के बाद कल शुक्रवार से ही बूस्टर डोज लगाने के लिए कैंप लगेंगे। कोविड पर काबू पाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सचिवालय में बैठक की और सभी जनपदों में कंट्रोल रूम सक्रिय किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के जो भी नये मामले आएंगे, उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग भी की जानी जरुरी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बूस्टर डोज लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसका विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार भी किया जाए। उन्होंने मुख्य सचिव को कोविड की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। आज हुई इस अहम् बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअली शामिल हुए।उन्होंने ने भी कहा कि बूस्टर डोज पर सबसे अधिक ध्यान दिया जाए।

