पुलिस महकमे में जल्द ही एक बार फिर अदलाबदली होगी। इसके लिए कवायद जारी है। निकाय चुनाव से पहले ही इस कवायद को पूरा करना है। प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश इसी 31 दिसंबर को, कोआपरेटिव सेल के डीजी जीएल मीणा और सहारनपुर रेंज के डीआईजी सुधीर कुमार सिंह 31 जनवरी को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में इन पदों पर नए अफसरों की तैनाती अहम् है। प्रयागराज जोन और सहारनपुर रेंज के लिए अधिक विकल्प हैं। प्रयागराज जोन में एडीजी की तैनाती से पहले सभी विकल्प और समीकरण पर गौर किया गया है। एडीजी रैंक के 52 अफसर प्रदेश में मौजूद है।
इसमें 8 जोन और तीन कमिश्नरेट में एडीजी रैंक के अफसर तैनात हैं। इसमें लंबी छुट्टी से लौटे जीके गोस्वामी लंबे समय से वेटिंग में जारी है। मेरठ रेंज के जिले गाजियाबाद और नोएडा में कमिश्नरेट सिस्टम लागू हो चुका है। आगरा रेंज में आगरा जिला कमिश्नरेट बनने की वजह से इनका कार्यक्षेत्र सीमित हो गया है। यही वजह है कि अब सहारनपुर प्रमुख रेंज में से एक हो गया है। ऐसे में यहां हर अधिकारी तैनाती चाहता है। एक जनवरी को प्रदेश को 35 से अधिक नए डीआईजी मिल जाएंगे। जिसके बाद विकल्प और बढ़ जाएंगे।

