गूगल पर लगा 1338 करोड़ रूपए का जुर्माना, जानिए पूरा मामला

नई दिल्ली : टेक कंपनी गूगल पर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने एंड्राॅयड मोबाइल उपकरणों से संबंधित गैर-प्रतिस्पर्धी गतिविधियों के लिए 1,338 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. इसपर गूगल का रिएक्शन आया है। गूगल ने कहा है कि वह गैर-प्रतिस्पर्धी गतिविधियों के लिए 1,338 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाये जाने के भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के आदेश की समीक्षा करेगी। कंपनी ने आयोग के फैसले को भारतीय ग्राहकों के लिए एक बड़ा झटका बताया। सीसीआई के आदेश के बाद अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में गूगल ने कहा कि एंड्रायड ने सभी के लिए अधिक विकल्प बनाये हैं और यह ऐप भारत तथा दुनिया भर में हजारों सफल व्यवसायों का समर्थन करता है। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने गूगल को अनुचित कारोबारी गतिविधियों को बंद करने का निर्देश भी दिया है। आयोग ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि गूगल को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने कामकाज के तरीके को संशोधित करने का निर्देश भी दिया गया है। सीसीआई ने अप्रैल 2019 में देश में एंड्रॉयड आधारित स्मार्टफोन के उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद मामले की विस्तृत जांच का आदेश दिया था।
इस पूरे मामलें पर गूगल के प्रवक्ता ने कहा, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग का फैसला भारतीय उपभोक्ताओं और व्यवसायों के लिए एक बड़ा झटका है, जिससे एंड्राॅयड की सुरक्षा सुविधाओं पर भरोसा करने वाले भारतीयों के लिए एक गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा होगा और भारतीयों के लिए मोबाइल उपकरणों की लागत बढ़ेगी।