शिमला : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जहां वोटरों को लुभाने मे जुट गई हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा में किचकिच शुरू हो गया है। दरअसल, प्रदेश में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में टिकटों के बंटवारे को लेकर असंतोष पैदा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश के चुनाव में उम्मीदवारों की घोषणा होने के बाद कई नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। ग़ौरतलब है कि भाजपा ने इस बार अपने चार मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के अलावा विधायक हीरा लाल , जवाहर ठाकुर और कर्नल इंदर सिंह को टिकट भाजपा ने नहीं दिया है। बताया जा रहा है कि जल शक्ति मंत्री की बेटी वंदना गुलेरिया भी उन असंतुष्ट नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने टिकट बंटवारे पर खुलकर नाराजगी जताने का काम किया है। भाजपा ने मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के बेटे रजत ठाकुर को उनकी जगह धर्मपुर से उतारा है, जिसके बाद गुलेरिया को राज्य भारतीय महिला मोर्चा की महासचिव पद से इस्तीफा देना पड़ा है।
Himanchal Pradesh Election: टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में बग़ावत

