लगातार हो रही भारी बारिश के बाद हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान के ऊपर

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने राज्य में परेशानियां खड़ी कर दी हैं। सभी पहाड़ी इलाकों में कल रात तेज बारिश के बाद आज सुबह से  हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान से ऊपर आ गई है। सुबह से ही गंगा का जलस्तर 293.05 मीटर पर चल रहा है जबकि वार्निंग लेवल 293 मीटर है। वहीं, बैराज की क्षमता 294 मीटर है।

इतना ही नहीं बल्कि बारिश की वजह से  नाले भी ओवर फ्लो हो रहे हैं।इससे हरिद्वार देहात के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। लालढांग मीठी बेरी में बने पुल की ठोकर में रवासन नदी कटाव करती जा रही है। जिससे कई गांवों में पानी पहुंचने लगा है। यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ शिव कुमार कौशिक ने कहा है कि गंगा के खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद बैराज से अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो, 4 घंटे में नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।  मौसम विज्ञानियों ने बारिश के साथ ही राज्य के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। हरिद्वार में शुक्रवार देर रात से हो रही बारिश सुबह थमी। इससे देहात क्षेत्र के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। उधर, लालढांग में भू-कटाव से बाढ़ का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। धनौरी क्षेत्र में भी खेतों में पानी भर गया है। हरिद्वार शहर में भी कई इलाकों में जलभराव से लोगों के घरों में पानी घुस गया। भगत सिंह चौक और ज्वालापुर अंडरपास में पानी भरने से वाहनों की आवाजाही बंद रोकनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *