कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार सख़्त,अधिकारियों को दिए निर्देश

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने त्योहारों को लेकर गड़बड़ी की कोशिश करने वालों पर पूरी सख्ती से कार्रवाई का अधिकारियों को निर्देश दिया है. उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही ना बरतें। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट होकर अफवाह, द्वेष और नफरत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पूरी नजर रखें और उन पर त्वरित कार्रवाई करें. सघन गश्ती और जांच अभियान चलाते रहें। मुख्यमंत्री शनिवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विधि व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणियों और पोस्ट से सांप्रदायिक तनाव सहित विवाद उत्पन्न करने वालों पर पूरी नजर रखें। उनसे निपटने के लिए साइबर क्राइम सेल द्वारा सतत निगरानी करते रहें। उन्होंने कहा कि किसी घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करें। सभी थानों में लैंडलाइन फोन चलित अवस्था में रहे, इसके लिए मुख्यालय स्तर से निरंतर अनुश्रवण करते रहें। व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पर्व-त्योहारों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे।