आगरा : आज सोमवार जानकारी मिली कि अगले वर्ष फरवरी में ताजनगरी आगरा में मेट्रो ट्रेन का पहला सेट गुजरात से आगरा पहुंच जाएगा। डिपो में ट्रेन के लिए टेस्ट ट्रैक बन चुका है। आज सोमवार को सीएम योगी ने आगरा की मेट्रो ट्रेन मॉडल का अनावरण भी कर दिया। इसके अलावा आगरा में 8380 करोड रुपए से मेट्रो परियोजना पर काम जारी है और आज सोमवार को आगरा पहुंचे सीएम योगी ने मेट्रो डिपो का निरीक्षण किया और साथ ही डिपो में पीपल का पौधा रोपा, इससे पहले मुख्यमंत्री ने आगरा में हर घर तिरंगा यात्रा के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर उसे रवाना भी किया। आज दोपहर में मुख्यमंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में भी हिस्सा लेंगें ।
आपको बतादें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेट्रो ट्रेन मॉडल का आज वर्चुअल अनावरण किया है गुजरात के सालवी में एलस्टॉम कंपनी मेट्रो ट्रेन के इन कोचों को बना रही है। आगरा के लिए कुल 84 कोच बनेंगे। 28 मेट्रो ट्रेनें आगरा को मिलेंगी। प्रत्येक ट्रेन में तीन कोच होंगे। इनमें आगे-पीछे दो ड्राइविंग कार और बीच में एक ट्रेलर कार कोच हैं। मार्च 2024 तक आगरा में छह स्टेशन के बीच मेट्रो ट्रायल का लक्ष्य है।

