Olympics 2021 पीवी सिंधू बैडमिंटन के प्री क्वार्टर फाइनल में

रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने बुधवार को तोक्यो में हांगकांग की एनवाई चियुंग को हराकर तोक्यो ओलंपिक की महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

सिंधू ने दुनिया की 34वें नंबर की खिलाड़ी चियुंग को 35 मिनट चले मुकाबले में 21-9 21-16 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। सिंधू की चियुंग के खिलाफ छह मुकाबलों में यह छठी जीत है।

सिंधू ने मैच के बाद कहा, दूसरे गेम में मैंने लय हासिल की और फिर जीत दर्ज की। यह काफी तेज मुकाबला था और मैंने कुछ गलतियां भी की। मैंने अपनी रणनीति में बदलाव किया और चीजों पर नियंत्रण बनाने में सफल रही। बड़े मुकाबले से पहले इस तरह की परीक्षा महत्वपूर्ण होती है।

दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू प्री क्वार्टर फाइनल में ग्रुप आई में शीर्ष पर रहने वाली डेनमार्क की दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट से भिड़ेंगी। सिंधू का ब्लिचफेल्ट के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 4-1 है।

सिंधू ने कहा, यह आसान मुकाबला नहीं होने वाला। मुझे अच्छी तरह उबरना होगा और मजबूत वापसी करनी होगी। मैंने कुछ टूर्नामेंटों में उसका सामना किया है, प्रत्येक अंक महत्वपूर्ण होने वाला है। वह आक्रामक खिलाड़ी है इसलिए मुझे भी आक्रामकता दिखानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *