दुःखद: सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत, 25 घायल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में एक ट्रक के सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराने से उसमें सवार 18 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

क्या है मामला
पंजाब के लुधियाना से बिहार जा रही एक निजी डबल डेकर बस 27 जुलाई की देर रात रामसनेहीघाट क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर कल्याणी नदी के पास एक्सेल टूट जाने की वजह से सड़क के किनारे खड़ी थी।

बस ठीक होने में देर लगने की बात बताए जाने पर यात्री बस से बाहर निकल आए थे और कुछ लोग बस के आगे सड़क पर लेटे भी हुए थे। तभी रात करीब 12 बजे पंजाब से बिहार जा रहा नागालैंड का एक ट्रक अनियंत्रित होकर बस से जा टकराया।

हादसे में बस में सवार 18 लोगों की मौत हो गई तथा 25 अन्य घायल हुए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे दिया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से आठ की हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद तथा राहत प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *