गुआंगशी : चीन के दक्षिणी प्रांत गुआंगशी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार 132 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के बचने की संभावना धीरे धीरे कम होती जा रही है। वहीं रात होने के बाद सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में बचाव कार्य भी मुश्किल हो रहा है।चीनी क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार चाइना ईस्टर्न एयरलाइन का ‘बोइंग 737′ विमान तेंगशियान काउंटी के वुझो शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के पहाड़ी इलाके में आग लग गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान कुनमिंग से गुआनझो जा रहा था ,सरकारी टीवी पर सर्चलाइट लिए राहत कर्मियों को मौके पर पहुंचते देखा जा सकता है। ‘सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना’ की वेबसाइट पर मौजूद सूचना के अनुसार, विमान में सवार 132 लोगों में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य थे।
चीनी सरकारी टीवी चैनल अनुसार, विमानन कंपनी ने घोषणा की है कि विमान में कोई विदेशी नागरिक सवार नहीं था. खबर के अनुसार, विमान में मौजूद चालक दल के कुछ सदस्यों के परिजन ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ के यून्नान प्रांत स्थित ब्रांच कार्यालय पहुंच गए हैं और उनकी इस संबंध में मदद की जा रही है। सदर्न थियेटर कमान ने सोमवार को कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की टीम तत्काल राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंची है. सरकारी मीडिया के अनुसार, विमान तेजी से पहाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन विमान में सवार लोगों के जीवित होने की संभावना बहुत क्षीण है।

