नैनीताल : उत्तराखंड की भीमताल विधानसभा से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने आज अपनी धर्मपत्नी के साथ दिल्ली में भाजपा का हाथ थामा। दोनों ने ही दिल्ली में सदस्यता ग्रहण की है।इस सदस्यता ग्रहण में पार्टी से उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी उपस्थित रहे। उनकी पत्नी ओखलकांडा ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने भी बीजेपी का दामन थामा।
इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो एक परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ती है,और यही बड़ा कारण है की भाजपा के कार्यकर्ताओं में मतभेद जैसी कोई बात सामने नहीं आती बल्कि एक जुट होकर काम करते हैं। इतना ही नहीं बल्कि कैड़ा ने आज ये भी कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी के कार्यकर्ताओं का वैसे ही सम्मान करेंगे, जैसे वह निर्दलीय विधायक रहते हुए अपने समर्थकों का करते आए हैं। आज दोनों ही पति-पत्नी का भाजपा ज्वाइन करना पूरी तरह आश्चर्य की खबर नहीं है क्यूंकि निर्दलीय विधायक बने राम सिंह कैड़ा प्रदेश में चर्चाओं में आने के साथ भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की नजरों में भी आए थे।
भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा,पत्नी ने भी थामा बीजेपी का हाथ

