महाकुंभ में इस वजह से मची भगदड़, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया सही हाल

महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से पहले प्रयागराज के संगम तट पर भगदड़ मची है। जिसमें कई श्रद्धालुओं के हताहत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि मौनी अमावस्या पर भीड़ के अत्यधिक दबाव की वजह से हालात बिगड़ गए और ये हादसा हुआ है। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ श्रद्धालु गिर गए। जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। तुरंत ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बतादें कि देर रात करीब दो बजे संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। देखते ही देखते मौके पर स्थिति बेकाबू हो गई। कुछ लोग गिरे तो भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों का सामान छूट गया। घटना के बाद अमर उजाला से प्रत्यक्षदर्शी ने पूरी घटना के बारे में हाल बताया। बिहार के पटना निवासी प्रत्यक्षदर्शी नलिन कुमार ने बताया कि हम लोग आठ आदमी आए थे, उनके साथ के दो साथी मिले नहीं है।  अफरा-तफरी मच गई। घटना पिलर नंबर 155 पर हुई। हमारे परिवार के लोग गए, किसी तरह से हमने उन्हें उठाया। लोग चिल्ला रहे थे। हम लोग विवश थे, किसी की बचा नहीं पाए।

मध्यप्रदेश के मुरैना के प्रत्यक्षदर्शी भगवंत सिंह ने कहा कि भीड़ की वजह से हादसा हुआ। उधर से लोग वापस आ रहे थे, इधर से भी लोग जा रहे थे। धक्का-मुक्की हुई तो लोग गिर गए, जो गिर गया वो खड़ा नहीं हो पाया। भीड़ ऊपर से निकलती चली गई। चीख-पुकार मच गई। हमने बचने का प्रयास किया। सब इधर-उधर भाग रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *