नई दिल्ली : रायसीना पहाड़ियों में स्थित ऐतिहासिक विजय चौक आज सोमवार को ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह में सभी भारतीय धुनों से सराबोर होगा। बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रम गणतंत्र दिवस समारोह के समापन का संकेत है। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि थल सेना, नौसेना, वायुसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलके संगीत बैंड देश के प्रतिष्ठित दर्शकों के समक्ष 31 मनमोहक और थिरकने वाली भारतीय धुनें बजाई जाएंगी। इस मौके पर राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा आम जनता भी उपस्थित रहेगी ।
आपको बतादें कि आज के इस समारोह की शुरुआत सामूहिक बैंड ‘शंखनाद’ धुन के साथ होगी और पाइप्स और ड्रम बैंड के माध्यम से वीर भारत, संगम दूर, देशों का सरताज भारत, भागीरथी और अर्जुन जैसी मनमोहक धुनें पेश होंगी। बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रम का समापन लोकप्रिय धुन सारे जहां से अच्छा के साथ किया जाएगा।

