हरिद्वार : आगामी 11 और 12 जून को विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक निष्काम सेवा ट्रस्ट भूपतवाला में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में देश के शीर्ष 300 से अधिक संत और महात्मा शामिल होने वाले है।ज्ञानवापी, कुतुब मीनार और ताजमहल पर उठे विवाद के बीच होने वाली बैठक को अहम बताया जा रहा है।
बतादें कि इस मंडल बैठक के लिए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी शीर्ष संतों से जुड़ रहे है और बैठक के मुद्दों और देश में चल रहे हालातों को लेकर संतों से फीड बैक ले रहे हैं। कुटुंब प्रबोधन, घर वापसी जैसे प्रस्तावित विषयों पर विचार मंथन होगा। जनसंख्या नियंत्रण, समान नागरिक संहिता पर भी विचार किया जा सकता है। हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्राओं पर देश के कई हिस्सों में हुई पत्थरबाजी और सांप्रदायिक घटनाओं पर संतों के बातचीत की जाएगी।
इस बैठक में उदासीन के महंत रघुमुनि, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, श्रीमहंत रविंद्रपुरी, श्रीमहंत महेशपुरी, श्रीमहंत शिवशंकर गिरी, जसविंदर सिंह शास्त्री, महंत दामोदर दास, आचार्य महामंडलेश्वर विशोक आनंद भारती, आचार्य महामंडलेश्वर बालकानंद गिरि, शांतिकुज प्रमुख डॉ. चिन्मया पांडेय आदि से मिलकर बैठक में आने का निमंत्रण दिया। इस मौके पर मयंक चौहान, संजय वर्मा, प्रमोद पाल, प्रणव त्यागी आदि मौजूद होंगें।

