तोक्यो ओलंपिक में भारत का नाम रोशन करने वाली महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया अब उत्तराखंड के महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ब्रांड एंबेसडर बन गई हैं।
रविवार को देहरादून में 22 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार एवं 22 अन्य को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार देने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंदना को सीएम ने ब्रांड एंबेसेडर बनाने की घोषणा की। तीलू रौतेली पुरस्कार पाने वालों की सूची में वंदना कटारिया का नाम भी शामिल है। इस पुरस्कार के विजेता को 31 हजार रुपए और एक प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
खेल मंत्री ने भी किया सम्मान
प्रदेश के खेल मंत्री अरविंद पांडे स्वयं वंदना के घर पहुंचे और उन्होंने उनकी मां एवं अन्य परिजन को शॉल ओढ़ाकर तथा गुलदस्ता देकर बधाई दी। इस मौके पर मंत्री ने देशप्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रदेश की जनता की ओर से वंदना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि सबको वंदना के स्वदेश और उत्तराखंड लौटने का इंतजार है और यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

