प्रदेश में स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में एसटीएफ हाकम सिंह रावत को धामपुर भी ले गई थी। वहां उससे कई घंटे पूछताछ की गई। अब उसके धामपुर निवासी साथी केंद्रपाल पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। उससे भी पूछताछ की गई। एसटीएफ ने इसकी पुष्टि भी नहीं की।
एसटीएफ ने हाकम सिंह रावत की तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) हासिल की थी। पहले उससे एसटीएफ कार्यालय में पूछताछ हुई। बुधवार को सांकरी स्थित उसके गेस्ट हाउस ले गए। यहां कई दस्तावेज और साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया। बृहस्पतिवार को एसटीएफ उसे धामपुर, बिजनौर ले गई थी। उसने नकल का सेंटर भी धामपुर में एक मकान को बनाया था।
एसटीएफ के सूत्रों ने बताया कि हाकम सिंह ने तीन दिन की पूछताछ में कई राज उगले हैं। जल्द ही कुछ और लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। उसका एक साथी केंद्रपाल पहले ही बिजनौर कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।

